तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई करने वाले होंगे पुरस्कृत : वन मंत्री कश्यप

रायपुर, 16 जनवरी । वन अतिक्रमण और तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई करने वाले को पुरस्कृत किया जाएगा। यह बात वन मंत्री केदार कश्यप ने आज गुरुवार को राजधानी स्थित दीनदयाल ऑडिटोरियम में आयोजित छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ के शपथ ग्रहण और अलंकरण समारोह में कही।

उन्होंने कहा कि, राज्य सरकार द्वारा वनवासियों को वनोपज का अधिक से अधिक लाभ मिले यह सुनिश्चित की जा रही है। जंगल वनवासी बंधुओं के जीवन का आधार है इसका संरक्षण और संवर्धन करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। हमारी सरकार 67 प्रकार के विभिन्न लघु वनोपज की खरीद कर रही है और इसकी संख्या बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है। ताकि वनोपज खरीद का अधिक से अधिक लाभ वनवासियों का मिल सके।

वन मंत्री केदार कश्यप ने संघ के नवनिर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष अजीत दुबे सहित संघ के अन्य पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। वन मंत्री कश्यप ने 45 उपवनक्षेत्रपाल से वनक्षेत्रपाल के पद पर पदोन्नति अधिकारियों का स्टार अलंकरण कर सम्मानित किया।

उन्होंने कहा कि, वन कर्मी विषम परिस्थितियों में वनों के साथ-साथ वन्यजीवों के संरक्षण और प्रकृति को सहजने का काम कर रहे हैं। वन मंत्री कश्यप ने कहा कि राज्य में 687 वर्ग किलोमीटर वनावरण बढ़ा है और भारतीय वन सर्वेक्षण रिपोर्ट (आईएसएफआर) 2023 के अनुसार, छत्तीसगढ़ ने संयुक्त वन एवं वृक्ष आवरण वृद्धि में देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसके लिए आप सभी को बधाई और शुभकामनाएं।

Leave a Reply

Shopping cart

0
image/svg+xml

No products in the cart.

Continue Shopping