कांग्रेस आदिवासी और आंबेडकर विरोधी : विनोद तावड़े

रायपुर, 17 जनवरी। छत्तीसगढ़ प्रवास पर आए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े ने शुक्रवार को कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आदिवासी विरोधी पार्टी है। आदिवासी समाज की बेटी को देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर पहुंचाने का मौका मिला तो वह भाजपा के शासनकाल में मिला। कांग्रेस ने पूरी ताकत लगाई कि एक आदिवासी महिला राष्ट्रपति न बन सके, लेकिन भाजपा ने उनके मंसूबों पर पानी फेर एक आदिवासी महिला को सर्वोच्च स्थान पर सुशोभित किया।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए विनोद तावड़े ने कांग्रेस को आंबेडकर का विरोधी बताते हुए कहा कि बाबा साहब के जीते जी उनका अपमान किया गया और उनकी मृत्यु के बाद भी अपमान किया। कांग्रेस ने उन्हें लोकसभा में आने से रोका। सन् 1956 में उनके देहांत के चार दशक बाद तक उन्हें भारत रत्न नहीं दिया। चार दशक बाद केंद्र में भाजपानीत गैर कांग्रेसी सरकार ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। डॉ. आंबेडकर को जीवित रहते सदन में नहीं आने देने के लिए तत्कालीन कांग्रेस नेताओं ने तमाम जतन किए। 1952 के प्रथम आम चुनाव में तो तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने उन्हें लोकसभा में आने से रोकने का पूरा प्रयास किया और उनके खिलाफ चुनाव प्रचार तक किया।

उन्होंने कहा कि पंचतीर्थ की परिकल्पना करते हुए डॉ. आंबेडकर की जन्मभूमि, शिक्षाभूमि, दीक्षाभूमि, कर्मभूमि और परिनिर्वाण स्थल को तीर्थस्थल का दर्जा प्रधानमंत्री मोदी ने दिया। मोदी ने 14 अप्रैल को डॉ. आंबेडकर की जयंती पर राष्ट्रीय अवकाश घोषित किया। आदिवासी समाज की बेटी को देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर पहुँचने का मौका मिला तो वह भाजपा के शासनकाल में मिला। कांग्रेस ने पूरी ताकत लगाई कि एक आदिवासी महिला राष्ट्रपति न बन सके लेकिन भाजपा ने उनके मंसूबों पर पानी फेर एक आदिवासी महिला को सर्वोच्च स्थान पर सुशोभित किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने संविधान के साथ लगातार खिलवाड़ किया। देश पर आपातकाल थोपकर चार दिनों में संविधान की धज्जियाँ उड़ाई। अगर डॉ. आंबेडकर नहीं होते तो पं. नेहरू धर्म के आधार पर आरक्षण की व्यवस्था लागू कर देते। कश्मीर में अनुच्छेद 370 को स्थायी करने से पं. नेहरू को डॉ. बाबासाहब ने रोका। ये सारे तथ्य और सत्य जन-जन तक पहुँचाना होगा। जनजातीय समाज के गौरव को बढ़ाने का काम, जनजाति समाज की बेटी को राष्ट्रपति बनाने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा नेतृत्व ने किया है।

तावड़े ने इंडी गठबंधन में आ रहे बिखराव की चर्चा करते हुए कहा कि इंडी गठनंधन में नेतृत्व को लेकर संघर्ष चल रहा है। एक तरफ देश डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर राजकीय शोक मना रहा था। दूसरी तरफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी नए साल का जश्न मनाने वियतनाम गए थे, यह कांग्रेस का चरित्र है। राहुल गांधी देश की तमाम संवैधानिक व न्यायिक संस्थाओं के खिलाफ विषवमन कर रहे हैं।

Leave a Reply

Shopping cart

0
image/svg+xml

No products in the cart.

Continue Shopping